पूर्णिया में बिहार और बंगाल एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, पत्तल फैक्ट्री की आड़ में चल रही अवैध मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा, चार गिरफ्तार

पूर्णिया जिले के धमदाहा थाना क्षेत्र के हरिपुर गांव में बंगाल STF और बिहार STF की संयुक्त कार्रवाई में भूमिगत अवैध मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा हुआ है।

पूर्णिया में बिहार और बंगाल एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, पत्तल फैक्ट्री की आड़ में चल रही अवैध मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा, चार गिरफ्तार
Image Slider
Image Slider
Image Slider

पूर्णिया जिले के धमदाहा थाना क्षेत्र के हरिपुर गांव में बंगाल STF और बिहार STF की संयुक्त कार्रवाई में भूमिगत अवैध मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा हुआ है।

तहखाने में संचालित इस फैक्ट्री से हथियार बनाने की मशीनें, अर्धनिर्मित हथियार और कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।

सोमवार को हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने मौके से चार लोगों को गिरफ्तार किया, जबकि भारी मात्रा में अर्धनिर्मित पिस्टल, हथियार बनाने के उपकरण एवं मशीनें बरामद की गईं।

गिरफ्तार आरोपियों में मुंगेर निवासी मो. अनवर एवं मो. आफताब के अलावा हरिपुर निवासी मिठ्ठू कुमार और गब्बर मंडल शामिल हैं।

संयुक्त छापेमारी के दौरान एसटीएफ की टीम ने दस अर्धनिर्मित पिस्टल सहित बड़ी मात्रा में अवैध हथियार निर्माण में प्रयुक्त सामग्री जब्त की है।

जानकारी के अनुसार हरिपुर निवासी मिठ्ठू कुमार एवं गब्बर मंडल ने अपने घर के पीछे जमीन के अंदर गुप्त रूप से कमरा बनाकर हथियार निर्माण की फैक्ट्री चला रखी थी।

भूमिगत ठिकाने में हथियार बनाने की मशीनें लगाई गई थीं, जहां अवैध पिस्टलों का निर्माण किया जाता था।

एसटीएफ डीएसपी ने बताया कि हाल ही में इस गिरोह के मुख्य सरगना सूरज कुमार की गिरफ्तारी हुई थी। उसी की निशानदेही पर हरिपुर में यह बड़ी कार्रवाई की गई।

गिरफ्तार मुंगेर के कारीगरों ने पूछताछ में खुलासा किया कि सूरज कुमार कुछ दिन पूर्व यहां से दस तैयार पिस्टल लेकर गया था।

बताया जा रहा है कि सूरज कुमार ही इन हथियारों को विभिन्न इलाकों में सप्लाई करने का काम करता था। कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में हड़कंप मचा रहा। सुरक्षा के मद्देनजर बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी।

इस अभियान में धमदाहा एसडीपीओ संदीप गोल्डी, थानाध्यक्ष रविशंकर कुमार समेत धमदाहा पुलिस की टीम सक्रिय रूप से शामिल रही।

पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है और बरामद हथियारों के संभावित इस्तेमाल को लेकर भी जांच की जा रही है।